हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में सप्तऋषि क्षेत्र के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बस को पलटता देख सामने से आ रहे एक डंपर ने भी अपना नियंत्रण खो दिया और वह सड़क किनारे एक ढाबे में जा घुसा।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का दल गंगा स्नान करने के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे । इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी बस को बैक किया जा रहा था। अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस को पलटता देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन वह भी असफल रहा। डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में घुस गया। इस दौरान ढाबे के पास खड़ी एक बुलेरो भी डंपर की चपेट में आ गई, जो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। जिसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को आनन-फानन में तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है हादसे के दौरान बस में 45 यात्री सवार थे, जिनमें से एक महिला यात्री की मौत की खबर है 25 घायल हो गए।
वहीं, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस और डंपर को हटाने की कार्रवाई कर दी गई है, ताकि यातायात सामान्य हो सके। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बस को बैक करते समय असंतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




