शिक्षकों के सम्मान में सजा मंच, सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया सम्मानित

0

गोपेश्वर: राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड की विकासखंड शाखा दशोली की ओर से मंगलवार को अन्तर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर “समाज में शिक्षको की भूमिका व शिक्षा में नवाचार ” विषय पर शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी व शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम ब्लॉक अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा सत्र 2026-27 में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के साथ ही प्रभारी प्रधानाचार्यों तथा शैक्षिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग दिया। इसके बाद अतिथियों का बैज अलंकरण एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बद्रीनाथ श्रीमान लखपत बुटोला व निदेशक माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड विनोद सिमल्टी रहे। विशिष्ट अतिथि अपर निदेशक कुमाऊं (सेनि) शिव प्रसाद सेमवाल,पुलिस अधीक्षक चमोली पंवार , मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली राजकीय श्रीकान्त पुरोहित, राजकीय शिक्षक संघ गढवाल मंडल के अध्यक्ष जयदीप रावत व मंत्री मनमोहन चौहान की गरिमामय उपस्थिति रही।इस अवसर पर 100 शिक्षक शिक्षिकाओं जो विभिन्न विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे तथा सेवानिवृत्ति की ओर अग्रसर शिक्षकों को उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही प्रभारी प्रधानाचार्यों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मान प्रदान किया गया।

संगोष्ठी में “समाज में शिक्षकों की भूमिका एवं शिक्षा में नवाचार” विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के निर्माण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शिक्षा में नवाचार अपनाकर विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापरक शिक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में शिक्षा विभाग एवं प्रशासन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। लोकगीतों की प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह का संचार किया। अंत में मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद प्रधानाचार्यों का सम्मान, धन्यवाद ज्ञापन एवं भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। राजकीय शिक्षक संघ दशोली के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

समारोह के अन्त में अध्यक्ष धरम सिंह चौहान ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कायक्रम का संचालन के एस रावत व हरेन्द्र रावत ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में संघ के संरक्षक नरेंद्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष सुनीता बिष्ट संयुक्त मंत्री रेखा बिष्ट कोषाध्यक्ष दिवान सिंह नेगी, डा0 प्रमोद पाण्डे, प्रियंका बिष्ट, ओमप्रकाश नैनवाल व समस्त ब्लॉक कार्यकारणी शाखा कायकारणी आदि उपस्थित रहे।