देहरादून : उत्तराखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस में अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी हरदा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी है।
हरदा के इस्तीफे की वजह देहरादून में उनके PA चंदन सिंह जीना के घर पर भारी मात्रा में कैश और ज्वैलरी बरामद होना बताई जा रही है। जिसके बाद हरीश रावत ने ये फैसला लिया है। हरदा ने ED रैड के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आने वाले समय में सच्चाई का खुलासा जरूर होगा। सोशल मीडिया पोस्ट में पोस्ट कर हरदा ने अपने पूर्व ओएसडी का भी जिक्र किया है।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व ओएडडी और निजि सचिव के घर ED ने छापा मारा है। बता दें 10 साल पहले UKSSSC VPDO एग्जाम 2016 में हुई गड़बड़ियों के मामले में ईडी ने ये एक्शन लिया है। ईडी ने 10 सितंबर को तत्कालीन UKSSSC अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक,निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक और मामले से जुड़े अन्य लोगों के परिसरों की तलाशी ली।
ईडी रैड के दौरान चंदन सिंह जीना के घर से 32 लाख रुपए की नकदी, करीब 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन, और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद हुई है। साथ ही जीना और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में करीब 52.16 लाख रुपए का बैलेंस मिला। टीम ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की धारा 17(1A) के तहत सभी के अकाउंट फ्रीज कर दिए हैं। साथ ही जीना का मोबाइल फोन भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। जीना के आवास से जब्त और फ्रीज की गई संपत्तियों की कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हरदा ने लिखा कि “सामने टीवी पर खबर आ रही है कि देहरादून में हरीश रावत के पीए के पास भारी मात्रा में कैश और ज्वैलरी पकड़ी गई या पकड़ाई गई, इस तथ्य का खुलासा तो आने वाले समय में होगा और यह सत्य है कि श्री जीना मेरे ओएसडी रहे हैं और मैं जितने भी पदों पर रहा, चाहे पार्टी में रहा या सरकार में रहा, वह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते रहे हैं।’




