देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ रही है, वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम बदलने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं तीव्र वर्षा होने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी पांच जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।




