कोटद्वार में दर्दनाक हादसा: बैंक का काम निपटाकर लौट रही महिलाओं का वाहन खाई में गिरा, चालक समेत 8 की मौत

0

पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में आज शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक समेत आठ महिलाओं की मौत हो गई। वाहन में करीब 14 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना में घायल हुए लोगों में से कुछ को रिखणीखाल अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि गंभीर घायल को अस्पताल ले जाने के लिए हेली सेवा की मांग की गई है।

जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी वाहन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन सड़क से करीब सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। वहीं, सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं।