उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, इन 8 जिलों में येलो अलर्ट; ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

0

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में बादल छाए हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को झमाझम बारिश के कई दौर देखने को मिले। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज झोंकेदार हवाएं चलने और तीव्र बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को उत्तराखंड के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। बारिश और तेज हवाओं के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से खुले स्थानों और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है। पर्वतीय इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 12 अक्तूबर तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के तेज दौर देखने को मिल सकते हैं। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है।