हरिद्वार में तेज रफ्तार बस ने मचाया तांडव, अस्पताल के बाहर कई वाहन क्षतिग्रस्त; एक का हाथ कटा

0

हरिद्वार: हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बस ने जमकर कहर बरपाया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक का हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में एक कुत्ते की भी मौत हो गई। यह हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ, जहां बस ने अस्पताल के बाहर खड़ी कारों को टक्कर मारी। गनीमत रही कि उस समय अस्पताल के बाहर मरीजों की भीड़ नहीं थी।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए यह बस जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क पर खड़े अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। हादसे में एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं ऑटो चला रहे त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए।