अल्मोड़ा: चौखुटिया ब्लॉक के हाट धामदेवल से चौखुटिया की ओर आ रही कार उडलीखान के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।हादसे में कार में सवार चार शिक्षक आंशिक घायल हो गए। जबकि एक शिक्षिका अधिक घायल हो गई जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन हायर सेंटर के लिए ले गए हैं।
गुरुवार को दोहपर दो बजे ब्लाक के राजकीय इंटर कालेज धामदेवल के शिक्षक नवल किशोर देवली, मोनिका आर्य, हेमलता नेगी, दीपचंद जोशी व बृजेश चंद्र सिंह छुट्टी के बाद निजी कार संख्या यूके 07एफएच, 1287 से वापस चौखुटिया की ओर आ रहे थे।
उडलीखान गांव के पास बैंड पर कार अनियंत्रित होकर सड़क से दो पलटी लेने के बाद करीब 16 फीट नीचे खाई में गिर गई। इससे पांचों कार सवार घायल हो गए,जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाल कर यहां जिला उप चिकित्सालय पहुंचाया गया। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची।
आंशिक रूप से घायल चार को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। शिक्षिका हेमलता नेगी को गंभीर हालत के मद्देनजर स्वजन उपचार के लिए हायर सेंटर ले गए हैं। बताया गया है कि तेज बारिश के चलते मार्ग साफ न दिखने से हादसा हो गया। सौभाग्य से बड़ी घटना टल गई।




