देहरादून में स्कूल के पीछे देह व्यापार का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

0

देहरादून: देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र के किशननगर में एक स्कूल के पीछे संचालित हो रहे देह व्यापार का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है स्कूल की छुट्टी होने के बाद यहां अनैतिक देह व्यापार किया जाता था।

पुलिस के अनुसार देहरादून एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल को गोपनीय सूचना मिली थी कि कैंट क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अनैतिक देह व्यापार करवाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने किशन नगर एक्सटेंशन में छापा मारा। जहां स्थित एक स्कूल के पिछले भाग में 3 महिलाएं और 1 पुरूष आपत्तिजनक स्थिती में मिले, जिनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।

छापेमारी के दौरान कमरे का नजारा देख पुलिस के भी होश उड़ गए। बताया जा रहा है कमरे में शराब की बोतलें और आपत्तिजनक सामग्री बिखरी पड़ी थी। पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहे आरोपी समेत दो को अरेस्ट किया है। साथ ही तीन पीड़िताओं का रेस्क्यू किया है।

आरोपियों की पहचान आशीष कुमार पांडे (42) निवासी राजस्थान और जंग बहादुर निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर मिली एक स्विफ्ट को भी सीज कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी आशीष पहले भी अनैतिक देह व्यापार में जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बाहरी राज्यों से महिलाओं को नौकरी देने के नाम पर देहरादून बुलाता था। साथ ही उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर उनसे अनैतिक देह व्यापार करवाता था।