देहरादून: देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। खराब मौसम और संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए आज देहरादून के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन और रास्तों के बाधित होने की स्थिति बनी हुई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग ने भी उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।



