आखिरकार मिली राहत! दीपक बिजल्वाण और ग्रामीणों की मेहनत से लंबित पुल PMGSY को ट्रांसफर

0

उत्तरकाशी: राना बनास–दुर्बिल मोटर मार्ग पर प्रस्तावित 36 मीटर स्पान स्टील गार्डर पुल को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार रंग लाई है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण एवं दुर्बिल क्षेत्रवासियों के निरंतर प्रयासों और जनहित की पहल का असर यह हुआ कि पुल निर्माण का कार्य ब्रिडकुल से हटाकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया है।

प्राप्त आदेश के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-17 के अंतर्गत स्वीकृत इस पुल का निर्माण कार्य पहले ब्रिडकुल के माध्यम से किया जाना था, लेकिन लंबे समय तक कार्य आगे नहीं बढ़ने के कारण अब इसे PMGSY के सिंचाई खंड, पुरोला को सौंप दिया गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर पुल का विधिवत हस्तांतरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इस निर्णय से दुर्बिल सहित आसपास के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण पुल के निर्माण में अब तेजी आएगी, जिससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

दुर्बिल वासियों ने इस निर्णय को अपनी एकजुट आवाज़ और पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत दीपक बिजल्वाण के सतत प्रयासों की जीत बताते हुए आशा व्यक्त की है कि PMGSY के माध्यम से पुल निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होकर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।