ऑरेंज अलर्ट के बीच देहरादून-टिहरी में तेज बारिश, भूस्खलन से आवाजाही प्रभावित

0

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है। घने बादलों और लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन प्रभावित है। देहरादून में झमाझम बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन से कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई है।

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछार की संभावना जताई है। जबकि, देहरादून और टिहरी में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।कुमाऊं के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में शनिवार रात हुई तेज बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दीं।

मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून और टिहरी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है। शेष जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए कहीं-कहीं भारी बारिश और तेज गरज-चमक की चेतावनी दी गई है।