वीरता और बलिदान की मिसाल बने नूरानांग के सैनिक, 4 गढ़वाल राइफल्स ने दी श्रद्धांजलि

0

देहरादून: भारत-चीन युद्ध 1962 के ऐतिहासिक युद्ध सम्मान ‘नूरानांग’ से अलंकृत भारतीय सेना की गौरवशाली बटालियन 4th गढ़वाल राइफल्स के बेटलर्स ने आज सर्वे चौक स्थित IRDT सभागार में अपना बैटल ऑनर दिवस बड़े धूमधाम और सैन्य परंपराओं के साथ मनाया। इस अवसर पर 1962 के भारत-चीन युद्ध में गढ़वाल राइफल्स के जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया गया।

गौरतलब है कि इस ऐतिहासिक युद्ध में बटालियन के 3 अधिकारियों, 4 जूनियर कमीशंड अधिकारियों, 148 अन्य रैंक और 7 नॉन-कॉम्बैटेंट वीरों ने भारत माता की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।

उनकी अद्वितीय बहादुरी के लिए बटालियन को 2 महावीर चक्र, 7 वीर चक्र सहित कई वीरता पुरस्कारों से अलंकृत किया गया। इसी गौरवशाली इतिहास के सम्मान में 4 गढ़वाल राइफल्स को युद्ध सम्मान ‘नूरानांग’ से सम्मानित किया गया।

समारोह में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जसवंत बाबा नूरानांग जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

समारोह के मुख्य अतिथि नूरानांग युद्ध के चश्मदीद गवाह रहे पूर्व कैप्टन महेंद्र सिंह नेगी रहे। उन्होंने 17 नवंबर 1962 की उस ऐतिहासिक लड़ाई को याद किया, जब मात्र 4 गढ़वाल राइफल्स की एक छोटी सी टुकड़ी ने हजारों चीनी सैनिकों को नूरानांग में रोककर रखा था।

उन्होंने राइफलमैन जसवंत सिंह रावत और महावीर चक्र (मरणोपरांत) की अदम्य बहादुरी की गाथा सुनाकर सभी को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने बताया कि किस तरह जवानों ने अकेले 72 घंटे तक मोर्चा संभाले रखा था। मुख्य अतिथि ने कहा कि, “नूरानांग केवल एक युद्ध नहीं, बल्कि गढ़वाली वीरों के शौर्य का जीवंत इतिहास है।”

इस अवसर पर उत्तराखंड संस्कृति विभाग की नाटक मंचन टीम ने वीर रस से प्रेरित गढ़वाली गीतों और संगीत का सुंदर मंचन कर सभी का मन मोह लिया।

इसके अलावा बटालियन के पूर्व सैनिकों का एक दल राइफलमैन जसवंत सिंह रावत के पैतृक गांव बाड़्यूं (द्वानाग), पौड़ी गढ़वाल भी पहुंचा और उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया। समारोह का समापन वीर सैनिकों और वीर नारियों के सम्मान तथा राष्ट्र की अखंडता की शपथ के साथ हुआ।