देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार और राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए चयनित महिलाओं के नाम घोषित कर दिए हैं। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रदेश के 13 जिलों से एक-एक महिला को तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके अलावा विभिन्न जिलों की 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को भी राज्य स्तरीय सम्मान दिया जाएगा।
इन सभी पुरस्कारों का वितरण 8 अगस्त को देहरादून में आयोजित एक विशेष समारोह में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चयनित महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को सम्मानित करेंगे। इस दौरान समाज, खेल, शिक्षा, कृषि, पर्यावरण, महिला सशक्तीकरण और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं की उपलब्धियों को भी साझा किया जाएगा।
इसमें अल्मोड़ा से 21, बागेश्वर से आठ, चमोली और चंपावत से 12-12, देहरादून से 23, हरिद्वार से 22, नैनीताल से 29, पौड़ी से आठ, पिथौरागढ़ से 13, रुद्रप्रयाग से 11, टिहरी से 13, ऊधमसिंह नगर से 11 और उत्तरकाशी जिले से विभाग को 24 आवेदन थे। इसमें से 13 महिलाओं का चयन किया गया है। जबकि राज्यस्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए विभाग को प्रदेश भर से 220 आवेदन मिले। पुरस्कार के लिए इसमें से 35 महिलाओं का चयन किया गया है।
इन्हें मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार
उत्तरकाशी की श्वेता बधानी (स्वतंत्री) को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए
अल्मोड़ा की पुष्पा फर्त्याल को संस्कृति एवं कला के क्षेत्र में
बागेश्वर की दया दानू को समाज सेवा
चमोली की नंदा सती को संगीत
चंपावत की रितिका बगोली को पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा
देहरादून की नीतू रानी को शिक्षा एवं बहादुर
हरिद्वार की वैशाली शर्मा को समाज सेवा
नैनीताल की लतिका को खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि
पौड़ी गढ़वाल की प्रियंका पत थपलियाल को खेल समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में
पिथौरागढ़ की कलावती देवी को सामाजिक कार्य
रुद्रप्रयाग की दुर्गा देवी को समाज सेवा
टिहरी गढ़वाल की सरिता कोठियाल को सामाजिक क्षेत्र
उधम सिंह नगर की पुष्पा देवी को दिव्यांग खेल
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार उन महिलाओं को दिया जाता है…जिन्होंने अपने साहस, मेहनत और समर्पण से समाज में अलग पहचान बनाई है। उनका कहना है कि ऐसी महिलाओं को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य महिलाओं और युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष चयनित महिलाओं ने खेल, संस्कृति, वैज्ञानिक शोध, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, स्वरोजगार, समाजसेवा, दिव्यांगजन कल्याण और महिला सशक्तीकरण जैसे कई क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किया है। सरकार चाहती है कि इनकी सफलता की कहानियां समाज तक पहुंचें और अधिक लोग उनसे प्रेरणा लें।
रेखा आर्या ने यह भी कहा कि राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार उन कार्यकर्तियों को दिया जाएगा जिन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा और महिला जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार उनके समर्पण और सेवा को सम्मानित कर उनके योगदान को पहचान देना चाहती है।




