देहरादून में भारी बारिश का असर: कल स्कूलों में अवकाश घोषित

0

देहरादून: देहरादून में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद के सभी स्कूलों में कल यानि सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि लगातार बारिश के कारण जलभराव, भूस्खलन और रास्तों में खतरा बढ़ गया है।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखें।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में भी देहरादून समेत कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।