उत्तराखंड BJP में सतीश चंद को बड़ी जिम्मेदारी, पर्यटन प्रकोष्ठ के सह-संयोजक बने

0

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ उत्तराखंड में संगठनात्मक विस्तार के तहत सतीश चंद को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश सह-संयोजक नियुक्त करते हुए रुड़की, कोटद्वार, देहरादून, ऋषिकेश और टिहरी जिलों का प्रभारी बनाया है।

यह नियुक्ति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद भट्ट के निर्देश तथा प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी की सहमति से पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कपिल गुप्ता द्वारा की गई।

नई जिम्मेदारी मिलने पर सतीश चंद ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ के माध्यम से प्रदेश में पर्यटन से जुड़ी योजनाओं, संभावनाओं और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही पर्यटन क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए संगठन के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।

सतीश चंद की नियुक्ति को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।