उत्तराखंड-नेपाल सीमा पर कहर, बारात की बस खाई में समाई; 13 की मौत, कई घायल

0

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार, बस नेपाल के बैतड़ी जिले के पुरचूंणी नगरपालिका-7, भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। जैसे ही बस पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर पहुंची, वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल APF, प्रहरी (पुलिस) और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार 6 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई। 5 की मौत डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। 2 की मौत कोटिला अस्पताल में हुई। घायलों का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण ओवरलोडिंग बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, अधिक वजन होने के कारण बस चढ़ाई में संतुलन खो बैठी और खाई में गिर गई।हादसे में बस चालक वीरेंद्र बुढा (निवासी भीमदत्त नगरपालिका-7, कंचनपुर) को मामूली चोटें आई हैं। उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।