पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जिले के नैनीडांडा विकासखंड की पट्टी बिजलौट स्थित ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया। महिला की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
शनिवार सुबह गांव की दो महिलाएं, शांति देवी और सुशीला देवी घास काटने के लिए गांव के ऊपरी हिस्से में गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक गुलदार महिला को मार चुका था।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रकीर्ण नेगी घटना स्थल के लिए रवाना हुए। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।




