देहरादून: राजधानी देहरादून में सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिला कोरेट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना पर एसएसपी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कोर्ट परिसर को खाली कराया। पूरे परिसर में जांच की जा रही है।
वही हरिद्वार के जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हड़कंप मच गया है। हरिद्वार के जिला एवं सत्र न्यायालय रोशनाबाद को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में बीडीएस टीम और सिडकुल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से न्यायालय परिसर में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान न्यायालय में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की गहन तलाशी ली गई। वहीं डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर के माध्यम से संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्प्रभावी किया जा सके।




