“5 लाख ले लो… बस मेरे भाई को बचा लो!” — बेबस गुहार ने झकझोरा दिल

0

देवप्रयाग: बीते कल देवप्रयाग के टोंडेश्वर घाट पर आस्था का सफर एक कभी न भूलने वाली त्रासदी में बदल गया। गंगा स्नान के दौरान एक भोले का कांवड़िया नदी के तेज और विकराल बहाव की चपेट में आकर बह गया।

घटना स्थल से सामने आए एक दिल दहला देने वाले वीडियो में इस हादसे का सबसे खौफनाक और दर्दनाक पहलू देखने को मिला। नदी किनारे खड़ा बड़ा भाई अपने छोटे भाई को आँखों के सामने बहता देख फफक-फफक कर रो पड़ा। भाई को बचाने की बेबसी इस कदर हावी थी कि उसने किनारे खड़े लोगों से गिड़गिड़ाते हुए चिल्लाया– “कोई 5 लाख ले लो, पर मेरे भाई को पकड़ लो! बचा लो मेरे भाई को…” वह अपनी जिंदगी भर की कमाई तक देने को तैयार था, लेकिन गंगा के उफान और रौद्र रूप के आगे बेबसी जीत गई और वह अपने कलेजे के टुकड़े को नहीं बचा सका।

​यह दर्दनाक हादसा हम सभी के लिए एक बड़ी चेतावनी और सबक है। अगर घाट पर स्नान करते वक्त थोड़ी सी सावधानी बरती गई होती, तो आज यह हंसता-खेलता परिवार इस भारी विपदा से बच सकता था।

​विशेष अपील: गंगा का बहाव इस समय बेहद खतरनाक और विकराल है। सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से हाथ जोड़कर अपील है कि नदियों के किनारे पूरी सतर्कता बरतें, सुरक्षा घेरे को पार न करें और गहरे पानी में जाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। आपकी थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है।