ऋषिकेश: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह.. एम्स में काम करने वाली महिला को मारी गोली

0

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहाँ एम्स हॉस्पिटल में कार्य करने वाली एक महिला को एक व्यक्ति ने गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया है. मृतका के पिता ने एक आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.

कोतवाली ऋषिकेश को सूचना मिली कि शिवाजी नगर, गली नंबर 11 में किराये में रह रही एक महिला को एक व्यक्ति द्वारा गोली मार दी है. उक्त सूचना पर कोतवाली ऋषिकेश से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा. मृतक महिला की पहचान प्रीति रावत के रूप मे हुई. मृतक महिला के संबंध में पता चला कि महिला एम्स अस्पताल में सहायिका के पद पर कार्य कर रही थी और शिवाजी नगर में अकेले किराए पर रहती थी.

इस बीच, घटना के संबंध में मृतक महिला के पिता बच्चन सिंह रावत ने कोतवाली ऋषिकेश में लिखित तहरीर दी है. तहरीर में उन्होंने अपनी पुत्री की गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप सुरेश गुप्ता पर लगाया है. इसके आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु०अ०सं० 49/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं, घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो उसके सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं.

अभियोग की प्रारंभिक विवेचना व आसपास के लोगो से पूछताछ पर प्रकाश में आया कि मृतक महिला का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो गया था. जिसके बाद कोरोना के समय मृतक महिला सुरेश गुप्ता के ससुराल वालों की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने के लिए आई थी, जहां उसकी मुलाकात सुरेश गुप्ता से हुई. उसके बाद से सुरेश गुप्ता का अक्सर मृतक महिला से मिलना जुलना होता था व उसके घर पर आना-जाना था. सुरेश गुप्ता और प्रीति के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी जब उसके घर वालों को पता चली तो सुरेश गुप्ता व उसकी पत्नी का अक्सर झगड़ा होता था उक्त पारिवारिक झगडे को स्थानीय सम्मानित व्यक्तियों द्वारा भी निपटने का काफी प्रयास किया गया.

लेकिन सुरेश गुप्ता व प्रीति के बीच प्रेम प्रसंग के चलते पारिवारिक विवाद बढ़ता गया उक्त विवाद के चलते अभियुक्त सुरेश गुप्ता द्वारा प्रीति के साथ विवाह करने के लिए अपनी पत्नी से लगभग चार महीने पहले आपसी सहमति से तलाक ले लिया. प्रीति से शादी करने से पहले प्रीति और उसके परिजनों ने ऋषिकेश में संपत्ति लेने की बात सुरेश गुप्ता से कही. जिस कारण अभियुक्त सुरेश गुप्ता द्वारा अपनी लक्सर हरिद्वार स्थित अपनी पैतृक सारी संपत्ति 35 लाख में बेचकर ऋषिकेश मे प्रीति के साथ रहने के लिए मकान ढूंढ़ने लगा. लेकिन 35 लाख में कोई अच्छी संपत्ति न मिलने के कारण आरोपी और प्रीति के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा जिस कारण अभियुक्त अवसाद में भी आ गया था.

प्रथमदृष्टया जांच में यह सामने आ रहा है कि अभियुक्त का मृतका प्रीति के साथ प्रेम प्रसंग था. इसी कारण उसकी पत्नी से तलाक हुआ और इसके बाद लक्सर स्थित अपनी पूरी संपत्ति बेचने के बावजूद वह ऋषिकेश में प्रीति के साथ शादी कर रहने के लिए मकान नहीं खरीद सका. जिस वजह से आपसी मनमुटाव और मानसिक अवसाद में आकर अभियुक्त द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है. लेकिन, पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से विवेचना कर रही है.