चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ में भालू के हमले से दहशत फैल गई है। सीमांत नगर के सिंहधार वार्ड में देर रात करीब तीन बजे भालू ने एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में एक गाय की भी मौत हो गई। वहीं, भालू से बचने के लिए भागते समय दो अन्य लोग भी चोटिल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, घटना नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले जोशीमठ के सिंहधार वार्ड की है। देर रात एक भालू ने पहले एक गाय पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। गाय पर हमले के दौरान परिवार के लोगों की नींद खुल गई। इसके बाद भालू ने अचानक परिवार के चार सदस्यों पर हमला कर दिया।
हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, भालू से बचने के लिए भागते समय दो अन्य लोग भी चोटिल हो गए।
घटना के बाद सिंहधार वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची।
लोगों ने प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, वन विभाग की टीम तैनात करने और भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही के कारण परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवान के अनुसार, घटना के बाद घायल व्यक्ति को तत्काल सहायता राशि के रूप में 15 हजार रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि भालू के हमले में घायल व्यक्ति को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। घायल व्यक्ति का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।




