कंचन गंगा के ऊपर टूटा ग्लेशियर,बदरीनाथ क्षेत्र में हलचल तेज

0

चमोली: बदरीनाथ धाम के पास कंचन गंगा के ऊपर ग्लेशियर टूटने की घटना सामने आई है। राहत की बात यह है कि किसी भी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। इस क्षेत्र में गर्मी बढ़ते ही तेजी के साथ ग्लेशियर पिघलते हैं। हर वर्ष इसी प्रकार से ग्लेशियर नीचे की और खिसकता है।

चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि ग्लेशियर टूटने से किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नहीं है। हर वर्ष यह ग्लेशियर नीचे की तरफ खिसकता है और ऊपर कंचनगंगा में आकर रुक जाता है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि कंचनगंगा क्षेत्र में हुए हिमस्खलन से किसी प्रकार की जनहानि अथवा संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है तथा इस प्रकार की घटनाएं समय-समय पर होती रहती हैं। संबंधित स्थान पर हिमस्खलन सड़क तक नहीं पहुंचा और खाई क्षेत्र में ही रुक गया, जिससे यातायात एवं आम जनजीवन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। प्रशासन द्वारा क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है और स्थिति पूर्णतः सामान्य है।