देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में कश्मीरी युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि धर्म पूछने के बाद एक दुकानदार ने युवकों के साथ गाली-गलौच और मारपीट की। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर निवासी दो सगे भाई — 17 वर्षीय ताबिश और 20 वर्षीय दानिश — विकासनगर क्षेत्र में सामान खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दुकानदार से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते गाली-गलौच और मारपीट में बदल गया। घटना में ताबिश के सिर पर चोट आई, जिसके बाद दोनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल दोनों की हालत सुरक्षित बताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी देहरादून ने बताया कि मामले से जुड़े साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपी संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था को बिगाड़ने या सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




