रुड़की में दर्दनाक हादसा: स्कूल से लापता छात्र आर्यन का नदी किनारे मिला शव, दो बहनों का था इकलौता भाई

0

रूड़की: स्कूल की छुट्टी के बाद से लापता चल रहे किशोर का शव ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे पर मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लिया। शिनाख्त कराने के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। आर्यन दो बहनों का इकलौता भाई था।

बृहस्पतिवार को लाला ओमप्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज का रसूलपुर का रहने वाला कक्षा नौ का 14 वर्षीय आर्यन भट्ट पुत्र मंगलेश भट्ट छुट्टी होने के बाद घर नहीं पहुंचा। जब शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग ढूंढने लगे। देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल पाया।

छात्र छुट्टी होने बाद मां काली मंदिर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया था। वहां लगे कैमरे की फुटेज में आ गया था, जो रास्ता रवासन नदी के बीच से होकर रसूलपुर गांव में जाता है। तभी से अंदेशा लगाया जा रहा था कि छात्र रवासन नदी में बढ़े जल स्तर की चपेट आ गया है। परिवार के लोग और ग्रामीण देर रात तक उसे नदी के आसपास तलाश करते रहे।

शुक्रवार तड़के से फिर छात्र की तलाश में लगे रहे। छात्र का शव ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे मिला। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर रही। शव को बालक के घर लाया गया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

लालढांग चौकी इंचार्ज गगन मैठाणी ने बताया कि रवासन नदी के किनारे ढंडियानवाला में बालक का शव मिलने पर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आर्यन अंजली और प्रियंका का छोटा इकलौता भाई था। पिता वन विभाग में दैनिक श्रमिक हैं।