पिथौरागढ़ के डीडीहाट में युवक की संदिग्ध मौत, खून से सना शव मिलने से हड़कंप

0

पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ डीडीहाट क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।मृतक के स्वजन ने मैक्स वाहन चालक पर हत्या का शक जताते हुए कोतवाली डीडीहाट में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।

ग्राम पंचायत हुनेरा, पोस्ट आदिचौरा निवासी भूपेंद्र सिंह चौहान (33) 13 जुलाई को किसी काम से डीडीहाट आए थे।देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर स्वजन ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान जानकारी मिली कि भूपेंद्र सिंह यूके-05टीए-3333 नंबर की मैक्स वाहन से घर लौट रहे थे, जिसे ग्राम कूटा निवासी सुमित सिंह धामी चला रहा था।

कुछ समय बाद भूपेंद्र सिंह का शव कांडा-कफलुवा मोड़ के पास सड़क किनारे खून से लथपथ मिला। शव के सिर के पीछे गंभीर चोटों के निशान भी पाए गए।घटना की सूचना वाहन चालक पंकज कन्याल ने आपातकालीन नंबर 112 पर दी, जिसके बाद कोतवाली डीडीहाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।

मृतक की माता गंगा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने मैक्स चालक सुमित सिंह धामी पर हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।

मंगलवार को पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की। जांच में मामला प्रथमदृष्टया हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।