देहरादून में पुलिस-आरोपी मुठभेड़: ब्रिगेडियर केस में दो गिरफ्तार, एक को लगी गोली

0

देहरादून: राजधानी देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ब्रिगेडियर की गोली मारकर हत्या करने वाले दोनों फरार आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एनकाउंटर के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात जोहड़ी गांव क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में शामिल संदिग्धों की लोकेशन मिली। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। एक आरोपी को गुनियाल गांव के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं दूसरे आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (मुजफ्फरनगर) और 21 वर्षीय शांतनु त्यागी (सहारनपुर) के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपी कावीश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस से माफी मांगते हुए नजर आ रहा है और अपनी गलती स्वीकार करता दिख रहा है। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

गौरतलब है कि बीते सोमवार को रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी सुबह की सैर पर निकले थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद में चली गोली उन्हें लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुटी है।