अस्थि विसर्जन में छलका दर्द: ‘आई लव यू’ कहकर बेटी ने दी पिता Prateek Yadav को अंतिम विदाई

0

हरिद्वार: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में पूरे विधि-विधान से विसर्जित की गईं, लेकिन सबसे मार्मिक पल बेटी का अपने पिता के लिए वह अंतिम संदेश था। मां गंगा की लहरों के बीच बेटी के हाथ में एक कार्ड था, जिस पर लिखा था आई लव यू पापा। दिल के निशान वाला वह छोटा-सा कार्ड जब उसने अपने पिता प्रतीक यादव की अस्थियों के साथ गंगा में प्रवाहित किया, तो वीआईपी घाट पर मौजूद हर आंख नम हो गई।

अस्थि विसर्जन के दौरान पत्नी अपर्णा यादव फूट-फूटकर रोई। नम आंखों से अंतिम धार्मिक रस्में निभाईं। बेटी ने कलश को माथे लगाया। परिवार बेहद गमगीन नजर आया। अपर्णा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन भी हरिद्वार पहुंचे थे। वीआईपी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी।

मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यह दूसरा बड़ा दुखद समाचार है। राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। कई बड़े नेताओं ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। प्रतीक यादव दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे थे। उनकी मां साधना गुप्ता थीं। प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी। वह राजनीति में सक्रिय नहीं थे। हालांकि, उनका परिवार राजनीतिक रूप से काफी प्रभावशाली है। उनके बड़े भाई अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के निधन हो गया था। वह विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास के किचन में सुबह करीब चार बजे अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद प्रतीक के नौकर ने सिविल अस्पताल में फोन किया। डॉक्टरों की टीम प्रतीक के घर गई। घर पर उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। इसके बाद प्रतीक को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

हृदय गति रुकने की वजह से जान गंवाने वाले प्रतीक यादव को हायपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) के साथ ही खून का थक्का बनने की भी समस्या थी। मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। 29 अप्रैल को सांस लेने में समस्या होने पर प्रतीक यादव अंतिम बार मेदांता अस्पताल पहुंचे थे।