नैनीताल: नैनीताल जिले में प्रसिद्ध तीर्थस्थल कैंची धाम भवाली में मंगलवार को इतिहास रच गया। भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बाबा नीब करौरी महाराज के आश्रम पहुंचने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन गईं। राष्ट्रपति मुर्मू ने यहां पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज की समाधि और मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा करीब आधा घंटा ध्यान में लीन रहीं। इस दौरान उन्होंने बाबा से आशीर्वाद लिया और आश्रम परिसर के अन्य मंदिरों में भी दर्शन किए।
कैंची धाम मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने राष्ट्रपति को बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनके भक्तों और आश्रम की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दी। राष्ट्रपति के साथ इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




