देहरादून शिक्षा निदेशालय में हमला, हिस्ट्रीशीटर सहित चार आरोपी सलाखों के पीछे

0

देहरादून:  देहरादून के रायपुर क्षेत्र स्थित ननूरखेडा में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय कार्यालय में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्य और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली, लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा शामिल हैं। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

बता दे कि घटना शनिवार 21 फरवरी की बताई जा रही है, जब रायपुर से विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। बताया गया कि वे रायपुर क्षेत्र में बने एक विद्यालय का नाम भूमि दान करने वाले दाताओं के नाम पर रखे जाने के संबंध में निदेशक से वार्ता करने पहुंचे थे।

इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कुछ व्यक्तियों ने निदेशक कार्यालय में अराजकता फैलाते हुए कुर्सियां और अन्य सामान फेंककर तोड़फोड़ की। घटना में कार्यालय में मौजूद कुछ लोगों को चोटें भी आईं।

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल ने थाना रायपुर में तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, बलवा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज के आरोप लगाए। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

वहीं विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सुशील रमोला की तहरीर पर भी एक अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें निदेशालय के कुछ अज्ञात कर्मचारियों पर चोट पहुंचाने, परिरोध करने, हमला करने और गाली-गलौज के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। मामले ने राजधानी के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।