देहरादून में दिल दहला देने वाली घटना… दिनभर पूजा करता था पति, पत्‍नी ने नाश्‍ता बनाने में मांगी मदद तो खत्म कर दिया पांच लोगों का परिवार

0

देहरादून: देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में एक साथ एक ही परिवार के पांच सदस्‍यों की हत्‍या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने अपनी मां, पत्‍नी और तीन बच्‍चों को गला काटकर मौत के घाट उतार दिया है। घटना के बाद से डोईवाला के साथ ही पूरी राजधानी में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर और एसपी देहात कमलेश उपाध्याय मौके पर पहुंचीं। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पूजा पाठ करने के बाद आरोपित ने परिवार के एक-एक सदस्य को मौत के घाट उतारा।

मूल रूप से चित्रकूट यूपी के रहने वाला महेश तिवारी रानीपोखरी के नागघेर में रहता है। यहां उसने काफी समय पहले अपना मकान बना लिया था। वह पंडिताई का काम करता है। उसकी मां दिमागी तौर पर अस्वस्थ थी वहीं एक बेटी दिव्यांग थी। बताया जा रहा उसका एक भाई ऋषिकेश में रहता है।

वहीं आरोपित दिन भर पूजा पाठ करता था। शायद महेश और उसकी पत्‍नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद रहता था। आज सोमवार की सुबह भी वही हुआ। सुबह करीब साढ़े छह-सात बजे महेश पूजा पाठ कर रहा था और उसकी पत्‍नी नाश्‍ता बना रही थी। इस दौरान पत्‍नी ने पूजा पाठ छोड़कर नाश्‍ते में मदद करने के लिए कहा। जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई।

कहासुनी के बाद आरोपित महेश ने अपनी पत्‍नी की हत्‍या की। उसके बाद छोटी बेटी की हत्‍या की और मां व अन्‍य दो बेटियों को मौत के घाट उतार दिया। महेश की मनोदशा भी कुछ ठीक नहीं लग रही है। आरोपित इंट्रोवर्ड लग रहा है। हत्‍या में रसोई के चाकू का उपयोग किया गया है, जिसे बरामद कर लिया गया है। आरोपित गिरफ्तार किया जा चुका है। पांचों की हत्‍या गला रेतकर की है।