देहरादून: Rahul Gandhi अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
राहुल गांधी सीधे दिवंगत कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उन्हें इस कठिन समय में हिम्मत बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।मुलाकात के दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
राहुल गांधी के इस दौरे को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए भी भावनात्मक पल माना जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि दिवंगत नेता का संगठन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
आपको बता दे कि Rahul Gandhi, अपने दौरे के दौरान वे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से राहुल गांधी युवाओं की समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
देहरादून पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है। कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस युवा वर्ग के साथ सीधे जुड़ने का प्रयास कर रही है।
राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले समय में प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने पर पार्टी विशेष ध्यान दे रही है।




