उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

0

देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज 30 अप्रैल को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि और तेज वर्षा को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

वैज्ञानिकों ने बताया है कि अगले 24 से 48 घंटे मौसम के लिहाज से संवेदनशील रहेंगे। इस दौरान कई क्षेत्रों में अचानक मौसम बिगड़ सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। वाहन चालकों को भी बारिश और तेज हवाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम निदेशक सी.एस. तोमर के अनुसार, आगामी दिनों में प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। साप्ताहिक पूर्वानुमान के मुताबिक 5 मई तक कुछ जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।