उत्तरकाशी / चिन्यालीसौड़: नगर पालिका ईओ के ट्रांसफर के विरोध में कल नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली जब आर्च ब्रिज के ऊपर चढ़ गए, तो उस वक्त यह सिर्फ़ एक विरोध प्रदर्शन का हिस्सा लग रहा था। लेकिन इस घटना के बाद अब पूरे क्षेत्र में अध्यक्ष को खुद जनता के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों और बुजुर्गों ने इसे खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना कदम बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि—
“जिस पुल पर रोज बच्चे, बुजुर्ग और आम लोग चलते हैं… उसी पुल पर जनप्रतिनिधि का इस तरह चढ़ना गलत संदेश देता है। इससे सुरक्षा को खतरा बढ़ता है।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस आर्च ब्रिज के आसपास कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति विरोध या प्रदर्शन की आड़ में इसे “स्टंट पॉइंट” की तरह इस्तेमाल न कर सके।
लोगों का कहना है कि अब बच्चे भी इस घटना की नकल कर सकते हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाएगी।
स्थानीय लोगों में रोष इस बात को लेकर भी है कि जनप्रतिनिधियों को जनता के सामने बेहतर उदाहरण रखना चाहिए, न कि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी हरकतें करके जोखिम बढ़ाना चाहिए।अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह पुल की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाता है और भविष्य में ऐसे विवादों को रोकने के लिए क्या दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं।



