रिश्वतखोरी का खुलासा: किच्छा में उद्यान निरीक्षक विजिलेंस के जाल में फंसा

0

किच्छा: ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, एक लकड़ी ठेकेदार ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का कहना था कि वह पिछले 5-6 वर्षों से इस कार्य में संलग्न है और ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे। इन पेड़ों को काटने के लिए नियमानुसार अनुमति आवश्यक थी। आरोप है कि ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे ने 16 पेड़ों को काटने की अनुमति देने के एवज में 12,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया।

आज यानि गुरुवार को ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को उसके कार्यालय में ही शिकायतकर्ता से 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।