नैनीताल: उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल जिले में ओखलकांडा ब्लॉक के सुनकोट में एक शादी समारोह में उस वक्त अफरातफरी मच गई। जब जयमाला कार्यक्रम के दौरान अचानक दूल्हे को किसी ने गोली मार दी। गोली सीधे दूल्हे के पीठ में लगी है। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को देवीधुरा (चंपावत) निवासी दीवान सिंह के बेटे विजय लमगड़िया की बरात सुनकोट निवासी राम सिंह बोहरा के यहां आई थी। दोपहर करीब एक बजे बरात लड़की के घर पहुंची। स्वागत के बाद बराती खाना खाने लगे।
इसी बीच वहीं दूल्हा और दुल्हन को जयमाला के लिए घर की छत पर ले जाया गया। वहां जयमाला के साथ दूल्हा-दुल्हन की फोटोग्राफी चल रही थी। दोपहर दो बजे अचानक गोली चली जो दूल्हे विजय की पीठ को छूते हुए निकल गई। परिजन तत्काल विजय को लेकर पास के सरकारी हॉस्पिटल में गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने विजय को हायर सेंटर हल्द्वानी भेज दिया। गोलीकांड के बाद खुशियों भरा माहौल एक पल में बदल गया। दुल्हन के पिता राम सिंह बेहोश हो गए तो दुल्हन का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। फिलहाल गोली किसने और क्यों चलाई, इसका पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना देने के बाद राजस्व और मुक्तेश्वर पुलिस गांव पहुंच गई है।