हरिद्वार: हरिद्वार से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शहर कोतवाली क्षेत्र की महज 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घटना ने एक बार फिर मासूमों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि बच्ची के पिता के साथ फैक्टरी में काम करने वाले एक व्यक्ति ने रविवार रात घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता फैक्टरी में काम करते हैं। आरोप है कि उनके साथ काम करने वाला व्यक्ति रविवार रात घर में घुस आया। इस दौरान उसने 11 महीने की बच्ची को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। परिजनों को घटना की भनक लगी तो आरोपी वहां से भाग निकला।
घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। मासूम को लेकर परिजन एम्स पहुंचे, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से फरार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




