पिथौरागढ़: बछड़े को बचाने नदी में उतरी महिला, 5 KM दूर मिला शव

0

पिथौरागढ़: भारत सीमा से लगे नेपाल के डडेलधुरा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। परशुराम नगरपालिका के वार्ड-12 लालढुंगा निवासी 45 वर्षीय डंबरी नाथ अपनी भैंस को चराने के लिए नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान उनके साथ गया बछड़ा पहाड़ी से नीचे नदी की ओर जाने लगा, जिसे बचाने और वापस भगाने के चक्कर में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह रंगुन गधेरे में बहने वाली तेज बहाव की नहर में जा गिरी।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने महिला को नहर में बहते हुए देखा और तुरंत नेपाल प्रहरी को सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला प्रहरी कार्यालय डडेलधुरा के प्रहरी उप निरीक्षक वरुण बहादुर सिंह के नेतृत्व में प्रहरी, सशस्त्र प्रहरी बल और स्थानीय निवासियों द्वारा तुरंत संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया।

काफी मशक्कत के बाद दुर्घटना स्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर बसगोईरा नामक स्थान से डंबरी नाथ का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई व पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस अचानक हुए हादसे से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।