उत्तर प्रदेश के आगरा में एक घर के फ्रिज के अंदर जमी बर्फ की शिवलिंग जैसी आकृति इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। जैसे ही इस अनोखी आकृति की जानकारी लोगों तक पहुंची, बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे। कई लोगों ने इसे भगवान शिव का स्वरूप मानते हुए पूजा-अर्चना शुरू कर दी, जबकि कुछ लोग इसे बर्फ बनने की प्राकृतिक प्रक्रिया मान रहे हैं।
यह मामला आगरा के खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा क्षेत्र का बताया जा रहा है। स्थानीय निवासी के घर के फ्रिज में जमी बर्फ की आकृति देखने पर लोगों को वह शिवलिंग जैसी दिखाई दी। देखते ही देखते इसकी खबर पूरे इलाके में फैल गई और घर के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग जैसी आकृति के सामने फूल अर्पित किए, जल चढ़ाया और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए। पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया। आसपास के इलाकों से भी लोग इस आकृति के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
इन दिनों अमरनाथ यात्रा और वहां बनने वाले प्राकृतिक हिम शिवलिंग को लेकर चर्चाएं पहले से ही जारी हैं। ऐसे समय में आगरा के फ्रिज में बनी इस आकृति ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। सोशल मीडिया पर भी इससे जुड़े वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस घटना को भगवान शिव की कृपा और आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं कुछ लोगों का कहना है कि फ्रिज के भीतर तापमान और नमी के कारण बर्फ कई बार अलग-अलग आकार ले सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया भी हो सकती है।
फिलहाल शिवलिंग जैसी इस बर्फ की आकृति को देखने के लिए लोगों का लगातार पहुंचना जारी है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और आस्था के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी लोगों के बीच बहस छिड़ी हुई है।




