उत्तराखंड पुलिस के SSP, IPS लोकेश्वर सिंह का संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध संगठन में चयन

0

देहरादून: उत्तराखण्ड पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 2014 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। वर्तमान में पौड़ी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के पद पर कार्यरत लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र (United Nations) से संबद्ध एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। इस उपलब्धि के साथ वे अब वैश्विक स्तर पर शांति स्थापना, संस्थागत पारदर्शिता और सतत विकास जैसे लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में कार्य करेंगे।

यह चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि भारत और उत्तराखण्ड के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और गर्व का विषय है। इस चयन प्रक्रिया में दुनियाभर के अधिकारी भाग लेते हैं और केवल अत्यंत सक्षम, नैतिक मूल्यों से युक्त व पेशेवर दक्षता रखने वाले अधिकारियों को ही स्थान मिलता है।

लोकेश्वर सिंह, 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। सिंह ने अपने 11 वर्षों के सेवाकाल में हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे कई संवेदनशील जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करते हुए उल्लेखनीय योगदान दिया है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आम जनमानस में सुरक्षा का भाव विकसित करने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।

संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध इस अंतरराष्ट्रीय संगठन में नियुक्ति के बाद लोकेश्वर सिंह अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यहां वे नीति-निर्माण, संचालन और क्रियान्वयन से जुड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए विकासशील देशों में शांति और स्थायित्व स्थापित करने में योगदान देंगे। वे शीघ्र ही राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय से आवश्यक अनुमोदन हेतु आवेदन प्रस्तुत करेंगे। स्वीकृति मिलते ही वे उत्तराखण्ड कैडर से कार्यमुक्त होकर इस नई अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी का निर्वहन शुरू करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here