उत्तराखंड ब्रेकिंग: चुनाव में करारी हार के बाद गणेश गोदियाल ने दिया इस्तीफा

0

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफा प्रेषित किया है।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में हुये विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए आज मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मैं परिणाम के दिन ही इस्तीफा देना चाहता था, पर हाईकमान के आदेश की प्रतिक्षा पर रुका हुआ था। आज दिल्ली पहुंच कर जैसे ही यह अवगत हुआ कि अन्य सभी राज्यों के जबावदेह पदाधिकारी, जहां चुनावों में आशातीत सफलता नहीं मिली, अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं, मैंने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है। गणेश गोदियाल ने कहा कि वे कांग्रेस के कार्यकर्ता के तौर पर संघर्ष करते रहेंगे।

वहीं, इससे पहले 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार को लेकर चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष की कमान संभाल रहे हरीश रावत और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हार की जिम्मेदारी ली थी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा था कि, ये महत्वपूर्ण नहीं है कि पार्टी के हार की जिम्मेदारी कौन ले रहा है और कौन नहीं ले रहा है। प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते वो इसकी जिम्मेदारी लेते हैं। गोदियाल ने इसके बाद पार्टी हाईकमान से इस्तीफा देने को लेकर पूछा था लेकिन तब हाईकमान की तरफ से उन्हें कोई ऐसा आदेश नहीं मिला था। अब पार्टी अध्यक्ष की ओर से कहे जाने के बाद गोदियाल से अपना इस्तीफा सौंप दिया है।