देहरादून: कांग्रेस नेता राहुल गांधी का काफिला शुक्रवार रात ऋषिकेश रूट पर अचानक रुक गया। दरअसल, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद लौटते समय एयरपोर्ट–ऋषिकेश मार्ग पर सात मोड़ के पास पेड़ों की कटाई के विरोध में पिछले 11 दिनों से धरने पर बैठे पर्यावरण प्रेमियों को देखकर राहुल गांधी खुद रुक गए।
इस दौरान उन्होंने धरने पर बैठे लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। आंदोलनकारियों ने क्षेत्र में हो रही पेड़ों की कटाई और पर्यावरण को हो रहे नुकसान को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं।
आपको बता दे कि सरकार द्वारा एयरपोर्ट–ऋषिकेश मार्ग के चौड़ीकरण के लिए करीब 4000 पेड़ों की कटाई की जा रही है। इसी के विरोध में करीब 11 दिनों से पर्यावरण प्रेमी शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी का काफिला रुकवाकर आंदोलनकारियों ने अपनी पीड़ा बंया की।
वही राहुल गांधी ने उनकी बातों को गंभीरता से लेते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया और कहा कि इस मुद्दे को उचित स्तर पर उठाया जाएगा। अचानक हुई इस मुलाकात से आंदोलनकारियों में उत्साह देखने को मिला और उन्हें अपनी आवाज बुलंद होने की उम्मीद जगी।




